Menu
blogid : 18110 postid : 740285

कभी लौट कर न आना ऐसा चुनाव प्रचार

यात्रा
यात्रा
  • 178 Posts
  • 955 Comments

confused voter

आखिर थम गया 2014  का चुनाव प्रचार ।  कई मायनों मे गिनीज बुक आफ़ वर्ल्ड रिकार्ड मे दर्ज कराने लायक रहा है | अमर्यादित भाषा, भाषण और व्यवहार का तो कोई सानी नही | बडे-बडे शांत स्वभाव साधू बोल पडे और जब बोले तो कफ़न फ़ाड कर बोले | ऐसा लगा मानो गंदा बोलने की मैराथन दौड हो रही हो, देखो कौन आगे बाजी मारता है | यही नही, डरने-डराने और धमकाने की हारर फ़िल्म भी साथ साथ चलती रही | मोदी मैदान मे क्या आए, गुजरात दंगों के बहाने पूरी डरावनी फ़िल्म ही बना डाली | एक से बढ कर एक वीडियो, फ़ोटो और कार्टून | काट डालेगा, मार डालेगा, नरसंहार होगा, कत्ले आम होगा और तो छोडिये यहां तक कि अब मुर्गे नही इंसान काटे जायेगें तक के डायलाग से लबरेज रहा यह प्रचार | मुस्लिम समुदाय को इस कदर खौफ़ जदा कर तो कि टूट पडें मतदान बूथों पर |

दूसरी तरफ़ का मोर्चा भी कम नही | दिग्गी राजा से लेकर केजरीवाल और फ़िर प्रियंका, राहुल की छिछालेदर भी कम नही हुई | दिग्गी राजा की किस्मत भी ऐसी कि ऐन चुनाव के समय ही पोल खुलने थी उनकी प्रेम कहानी की ।अमृता राय की कोमलतम भावनाओं का भी लिहाज नही किया इस चुनावी घमासान ने । 84 के सिख दंगों का जिन्न बोतल से बाहर निकाल दिया गया | चल भाई तू ही मुकाबला कर सकता है गुजरात दंगों का | दोनो में मुकाबला जबरदस्त रहा । लेकिन राहुल जी के एक बयान मात्र ने गुजरात दंगों के जिन्न को तो फिर बोतल में बंद कर दिया लेकिन 84 का जिन्न उत्पात मचाता रहा ।

केजरीवाल वेचारे दिल्ली की कुर्सी छोड बहुत बुरे फ़ंसे | उनके गालों को मानो सभी ने अपनी हथेलियों के दमखम का पैमाना बना दिया हो | किसके थप्पड से कितनी सूजन | बात नही बनी तो जूतम पैजार से भी परहेज नही | भाग भगौडा भाग के नारों ने उनका पीछा ही नही छोडा |

फ़ेसबुक के मित्रों मे वर्षों पुरानी दोस्ती के बीच तलवारें खिंच गईं | कई ने तो एक दूसरे को अनफ़्रेंड ही कर डाला | जब अंत मे मित्रों की कुल संख्या देखी तो अच्छे खासे मित्र चुनाव की भेंट चढ चुके थे | मरता क्या न करता की तर्ज पर बेचारे ऐड फ़्रेन्ड की लिस्ट नये सिरे से तलाशने लगे | कहानी, गजल, कविता का कोई पुरसाहाल नही | बस राजनैतिक टिप्पणियों ने कब्जा जमा दिया |

बहरहाल , कुछ भी हो बडा रंगीला, सजीला, डरावना, बदतमीज और गुस्सैल रहा है 2014 का यह चुनाव प्रचार | हमेशा याद रहेगा लेकिन दिल नही चाहेगा कि इतिहास इसे कभी दोहराये | अलविदा , फ़िर कभी न आना अपने इस चेहरे के साथ |

Read Comments

    Post a comment